Home » Uncategorized » दीपावली को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ाई सतर्कता सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम, पुलिस व फायर की टीमें चला रहीं चेकिंग अभियान

दीपावली को लेकर उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ाई सतर्कता सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम, पुलिस व फायर की टीमें चला रहीं चेकिंग अभियान

192 Views

जिद्दी कलम
उत्तरकाशी। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस अलर्ट मोड पर है। त्योहारी सीजन में बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस की ओर से नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चलाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना एवं कोतवाली प्रभारियों तथा फायर स्टेशन प्रभारियों को दीपावली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बाजारों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ ही पुलिस बैरियरों और चेकिंग नाकों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस की ओर से स्थानीय व्यापार मंडलों, गणमान्य नागरिकों, सीएलजी सदस्यों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें भी की जा रही हैं। इन बैठकों में सभी से आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ दीपावली मनाने की अपील की जा रही है।

वहीं, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें बाजारों, पेट्रोल पंपों और पटाखों की दुकानों का नियमित निरीक्षण कर रही हैं। दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने के साथ ही पटाखों का कारोबार निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों पर ही करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। दुकानों के बाहर सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी गई है।

अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पटाखा दुकानदारों को पानी से भरे ड्रम, बाल्टी और अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके।

उत्तरकाशी पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से दीपावली पर सुरक्षा नियमों का पालन करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग से दीपावली पर्व को हर्षोल्लास, शांति और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post