जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट की ओर से नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर 18 चालान किए गए, जबकि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग एवं विक्रय करने पर दो चालान किए गए।
अभियान के दौरान पालिका टीम ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दुकानों के सामने अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने तथा दुकान और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क एवं नालियों में कूड़ा-कचरा न डालने और नालियों को कूड़े से अवरुद्ध न करने की हिदायत दी गई।
पालिका अधिकारियों ने लोगों से कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने तथा नगर पालिका की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का पालन करने की अपील की। नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि नगर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





