Home » उत्तराखंड » केदारताल में भारी हिमपात और एवलांच के बीच फंसे 8 ट्रैकर, हेलीकॉप्टर से चलाया गया रेस्क्यू अभियान; 3 दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

केदारताल में भारी हिमपात और एवलांच के बीच फंसे 8 ट्रैकर, हेलीकॉप्टर से चलाया गया रेस्क्यू अभियान; 3 दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

150 Views

गंगोत्री से केदारताल ट्रेकिंग पर गए आठ सदस्यीय दल के भारी हिमपात और एवलांच की चपेट में फंसने की आशंका के बाद रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर फंसे ट्रैकर्स की तलाश में सोमवार को हेलीकॉप्टर से पांच उड़ानें भरी गईं। हालांकि खराब मौसम के चलते अभियान को रोकना पड़ा और अब तक लापता ट्रैकर्स का कोई पता नहीं चल पाया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी की 2 नवंबर 2026 को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 30 अक्टूबर को शाम 6:39 बजे सोल सीकर ट्रैकिंग एजेंसी के संचालक ने सूचना दी थी कि गंगोत्री से केदारताल ट्रेकिंग के लिए गया आठ सदस्यीय दल वापसी के दौरान भारी हिमपात और एवलांच के कारण फंस गया है।
इसके बाद प्रशासन, एनआईएम, एसडीआरएफ, वन विभाग और ट्रैकिंग एजेंसी की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुट गईं। सोमवार सुबह वीटी-एनएएल हेलीकॉप्टर के माध्यम से पांच उड़ानें संचालित की गईं। सुबह 8:32 बजे से 10:56 बजे तक चले इस अभियान में एनआईएम और एसडीआरएफ के जवानों को केदारताल क्षेत्र में भेजा गया। पांचवीं उड़ान में भी एक एनआईएम और एक एसडीआरएफ कर्मी शामिल रहे।
वहीं, एनआईएम और एसडीआरएफ की टीम ने लापता ट्रैकर्स के संभावित स्थान पर सर्च अभियान चलाया, लेकिन ट्रैकर्स और गाइड का कोई पता नहीं चल पाया। मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू कार्य रोकना पड़ा। फिलहाल टीम केदारखरक बेस कैंप में मौजूद है।
टेंट और बैग मिले, लेकिन ट्रैकर्स का सुराग नहीं
प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 नवंबर को वन विभाग और ट्रैकिंग एजेंसी के नौ सदस्यीय दल को केदारताल के लिए रवाना किया गया था। यह दल रात में भोजखड़ग के पास बेस कैंप में रुका। सोमवार सुबह करीब 9 बजे टीम केदारखरक पहुंची और दोपहर 2 बजे तक लापता ट्रैकर्स की तलाश की। इस दौरान मौके पर टेंट और बैग मिले, लेकिन ट्रैकर्स का कोई पता नहीं चला। मौसम खराब होने के कारण टीम वापस भोजखड़ग बेस कैंप लौट आई।
तपोवन ट्रेक पर गया दल सुरक्षित
इसी बीच गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी ने प्रशासन को जानकारी दी कि तपोवन ट्रेक पर गया एक अन्य दल सुरक्षित है। सोमवार को वन विभाग और ट्रैकिंग एजेंसी की सात सदस्यीय टीम को तपोवन के लिए भेजा गया था, जो भोजवासा पहुंच चुकी है।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आपदा प्रबंधन अधिकारी लगातार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में मौजूद रहकर पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लापता आठ ट्रैकर्स की तलाश जारी रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post