Home » उत्तराखंड » केदारताल ट्रेक पर फंसे 8 ट्रैकर्स के रेस्क्यू अभियान में मिले दो शव, पहचान नहीं हो सकी

केदारताल ट्रेक पर फंसे 8 ट्रैकर्स के रेस्क्यू अभियान में मिले दो शव, पहचान नहीं हो सकी

375 Views

उत्तरकाशी केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम और भारी हिमपात के चलते फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू अभियान के दौरान मंगलवार को एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद किए गए। दोनों शव हिमस्खलन में दबे हुए थे। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए सात ट्रैकर्स और एक गाइड समेत कुल आठ सदस्य रवाना हुए थे। वापसी के दौरान भारी हिमपात और एवलांच के कारण करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर सभी सदस्य फंस गए थे।
मंगलवार, 3 नवंबर को एसडीआरएफ और निम के संयुक्त दल ने सैटेलाइट फोन से मिली लोकेशन के आधार पर सुबह करीब 7:30 बजे से संभावित क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एवलांच में दबे एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए। संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
प्रशासन के मुताबिक, मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे तक सर्च अभियान चलाने के बाद टीम बेस कैंप लौट आई। अब बुधवार, 4 नवंबर को दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टीम ने घटनास्थल के पास हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया है।

 

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post