उत्तरकाशी। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं tव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारी सीजन में बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मुख्य बाजार में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। इस दौरान लोडर और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में सोमवार, 2 नवंबर को कोतवाली उत्तरकाशी में क्षेत्राधिकारी जनक सिंह पंवार की अध्यक्षता में स्थानीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार में लोगों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि प्रतिबंधित समय के दौरान दोपहिया वाहन केदारघाट पार्किंग एवं रामलीला मैदान में पार्क किए जाएंगे। वहीं, दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजार में पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी न हो।
रामलीला मैदान में नगर पालिका की ओर से लगाए जा रहे पटाखों के स्टॉलों को निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित करने तथा अग्नि सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा बाजार एवं अन्य स्थानों पर दुकानें और स्टॉल लगाने वाले बाहरी व्यापारियों, फड़-फेरी तथा रेहड़ी-ठेली संचालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।
क्षेत्राधिकारी जनक सिंह पंवार ने व्यापारियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि सभी के सामूहिक सहयोग से दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया जा सकेगा।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान, महामंत्री मनमोहन थलवाल, धर्मेंद्र बत्रा, अजय बडोला, संजय मल्होत्रा, अंकित उप्पल, आशुतोष सोनी, इस्तियान अहमद सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





