Home » उत्तराखंड » ऋण वसूली में लापरवाही पर अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश,जिला सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक में अध्यक्ष शारदा राणा ने दिखाई सख्ती, 40 करोड़ रुपये का बांटा गया ब्याजमुक्त ऋण

ऋण वसूली में लापरवाही पर अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश,जिला सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक में अध्यक्ष शारदा राणा ने दिखाई सख्ती, 40 करोड़ रुपये का बांटा गया ब्याजमुक्त ऋण

145 Views

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने ऋण वसूली और ऋण वितरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने 10 प्रतिशत से कम ऋण वसूली करने वाली बैंक शाखाओं के कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने तथा 25 प्रतिशत से कम लक्ष्य हासिल करने वाले अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋण वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शारदा राणा ने बैंक शाखा प्रबंधकों एवं बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के सचिवों और प्रबंध निदेशकों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण, ऋण वसूली और एनपीए की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

अध्यक्ष ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बैंक की ओर से जनपद के किसानों एवं युवाओं को दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत अब तक 40 करोड़ रुपये का शून्य ब्याज दर पर ऋण वितरित किया जा चुका है। उन्होंने आगामी दो माह में योजना के तहत आवंटित शेष ऋण वितरण लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में सरकार प्रायोजित ऋण योजनाओं की प्रगति, बैंक शाखाओं को आवंटित निक्षेप संचय, ऋण वितरण एवं वसूली के लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि बैंक की योजनाओं का लाभ जनपद के अधिक से अधिक किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों तक पहुंचाया जाए, ताकि स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को बैंकिंग एवं ऋण योजनाओं से जोड़ने के लिए आगामी माह में प्रत्येक विकासखंड स्तर पर ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

अध्यक्ष ने बैंकिंग कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ नियमित निरीक्षण, केवाईसी, आधार एवं मोबाइल सीडिंग, ऑडिट और खातों के मिलान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, जिला सहायक निबंधक भारत सिंह, सचिव एवं महाप्रबंधक मुकेश माहेश्वरी, डीडीएम नाबार्ड पारित गुप्ता सहित बैंक के उपमहाप्रबंधक, शाखा प्रबंधक, अपर जिला सहकारी अधिकारी एवं विभिन्न सहकारी समितियों के सचिव मौजूद रहे। नौगांव, पुरोला और मोरी विकासखंड के शाखा प्रबंधकों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

अंत में अध्यक्ष शारदा राणा ने सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के संकल्प को दोहराते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने की अपील की।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post