जिद्दी कलम
उत्तरकाशी
दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए उत्तरकाशी शहर में 5 से 8 नवंबर तक विशेष यातायात प्लान लागू रहेगा। इस दौरान बाजार क्षेत्र में वाहनों का आवागमन डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। धरासू की ओर से आने वाले वाहनों को मनेरा बाईपास और बड़ेथी बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। बाजार आने वाले वाहन जोशियाड़ा स्थित ट्रक यूनियन पार्किंग में खड़े होंगे। यहां से लोग झूला पुल अथवा अन्य नजदीकी रास्तों से पैदल बाजार पहुंच सकेंगे।
भटवाड़ी और हर्षिल की ओर से आने वाली टैक्सी गाड़ियों को भद्री स्टैंड से नीचे आने की अनुमति नहीं होगी। निजी वाहन संस्कृत महाविद्यालय से भद्री स्टैंड तक सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर पार्क किए जा सकेंगे। भीड़ बढ़ने पर वाहनों को तेखला से डायवर्ट कर इंद्रावती पार्किंग अथवा जोशियाड़ा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश की ओर से आने वाले यात्री वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गंगोत्री की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बड़ेथी बाईपास से बैराज तिराहा, एनआईएम बैंड, एमडीएस स्कूल, मानपुर तिराहा और तेखला होते हुए मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं, गंगोत्री और हर्षिल की ओर से देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, बड़कोट, ब्रह्मखाल एवं यमुनोत्री जाने वाले वाहन तेखला से डायवर्ट होकर निर्धारित रूट से गुजरेंगे।
मानपुर-साल्ड रोड से बाजार आने वाले वाहन इंद्रावती पार्किंग, जोशियाड़ा में खड़े किए जाएंगे। वहीं, साल्ड बैंड और ज्ञानसू की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दरबार बैंड, ज्ञानसू के नीचे पार्किंग निर्धारित की गई है। यहां से लोग गैस गोदाम और तांबाखाणी सुरंग मार्ग से पैदल बाजार पहुंचेंगे।
पुलिस ने ट्रक यूनियन ग्राउंड जोशियाड़ा, इंद्रावती पार्किंग जोशियाड़ा, दरबार बैंड ज्ञानसू और बस अड्डे को पार्किंग स्थल निर्धारित किया है। रोटेशन की बसों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों पर यातायात प्लान लागू रहेगा। इसके अलावा भारी वाहनों का बाजार क्षेत्र में सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।





