उत्तरकाशी, 5 नवंबर।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप डबरानी की ओर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद करते हुये एक घायल व्यक्ति का रेस्क्यू किया है । वहीं, वाहन में सात लोगों के सवार होने की सूचना प्राप्त हो रही जिसके मद्देनजर नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। जल पुलिस और गोताखोर तेज बहाव के बीच संभावित लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि रेस्क्यू किए जाने वाले लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मृतकों और संभावित प्रभावितों के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नदी के तेज बहाव और दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।






