Home » Uncategorized » भैया दूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, मां यमुना की डोली खरसाली रवाना

भैया दूज पर शीतकाल के लिए बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, मां यमुना की डोली खरसाली रवाना

101 Views

नौगाव (उत्तरकाशी)। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को यम द्वितीया (भैया दूज) के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन यमुनोत्री धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक क्षण के सैकड़ों श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि साक्षी बने।

कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया मंदिर परिसर में सुबह से ही शुरू हो गई थी। तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। निर्धारित मुहूर्त में ठीक 10 बजकर 28 मिनट पर मां यमुना के मंदिर के कपाट आगामी छह माह के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां की विदाई के दर्शन किए।

खरसाली में मां यमुना के स्वागत की भव्य तैयारियां

यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना होगी। मां यमुना के आगमन को लेकर खरसाली गांव में उत्सव जैसा माहौल है। मां यमुना के शीतकालीन गद्दी स्थल को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। गांव के ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक उल्लास के साथ अपनी आराध्य देवी के स्वागत के लिए आतुर हैं।

मां यमुना की उत्सव डोली के गांव पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाजों, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद आगामी छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना खरसाली स्थित शीतकालीन मंदिर में संपन्न होगी।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post

वैदिक मंत्रोच्चार और मां गंगा के जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट उत्सव डोली मुखबा गांव के लिए रवाना, भैया दूज पर शीतकालीन प्रवास स्थल पहुंचेगी मां गंगा; छह माह तक मुखबा में होंगे दर्शन

दीपावली पर 5 से 8 नवंबर तक उत्तरकाशी बाजार में वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित खरीदारी के लिए आने वाले वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर होंगे खड़े, झूला पुल व अन्य रास्तों से पैदल बाजार पहुंचेंगे लोग