नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय सिंघल को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक (DG) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वर्तमान में वह सशस्त्र सीमा बल (SSB) के महानिदेशक के पद पर तैनात हैं। संजय सिंघल 31 अक्टूबर को ITBP के DG का कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी जाएगी।
संजय सिंघल को ITBP का अतिरिक्त प्रभार नियमित महानिदेशक की नियुक्ति होने तक सौंपा गया है। उन्हें सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यों का लंबा अनुभव है और वह वर्तमान में दिल्ली में SSB के महानिदेशक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं संजय सिंघल
संजय सिंघल वर्ष 1993 में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल हुए थे। उनकी सेवा की पुष्टि 26 अक्टूबर 1995 को हुई थी, जबकि उन्हें अप्रैल 1997 में सीनियर स्केल मिला था। वर्ष 2009 में वह डीआईजी और 2012 में आईजी के पद पर पदोन्नत हुए। इसके बाद एक जनवरी 2018 को उन्हें एडीजी बनाया गया। करीब सात साल बाद, 11 जून 2025 को वह पदोन्नत होकर डीजी बने।
संजय सिंघल को एक सितंबर 2025 को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के महानिदेशक पद पर नियुक्त किया गया था। अब उन्हें ITBP के DG का अतिरिक्त प्रभार मिलने से सीमा सुरक्षा से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई सम्मान और पदकों से हो चुके हैं सम्मानित
लंबे पुलिस सेवा करियर के दौरान संजय सिंघल को कई सम्मान और पदक मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2009 और 2015 में सेवा सम्मान प्रदान किया गया। वर्ष 2017 में उन्हें DG कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर) और 2018 में DG कमेंडेशन डिस्क (गोल्ड) के साथ कठिन सेवा मेडल मिला।
इसके अलावा उन्हें संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना मिशन के तहत कोसोवो में सेवा के लिए UN Peacekeeping Medal, ITBP कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर और गोल्ड) तथा वर्ष 2019 में DG कमेंडेशन डिस्क (प्लैटिनम) से सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में उन्हें उत्तर प्रदेश का महाकुंभ सेवा मेडल भी मिला।
31 अक्टूबर से ITBP की कमान का अतिरिक्त दायित्व संभालने के साथ संजय सिंघल नियमित महानिदेशक की नियुक्ति तक संगठन का नेतृत्व करेंगे।






