Home » उत्तराखंड » राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, 9 से 13 नवंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम

राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, 9 से 13 नवंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम

221 Views

जिद्दी कलम
उत्तरकाशी
जिला सभागार में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने नौ नवंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम और नौ से 13 नवंबर तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और कार्यक्रमों को गरिमामय ढंग से आयोजित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ गंगा घाटों, धाम क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनसहभागिता बढ़ाने के लिए सभी विभाग प्रभावी ढंग से कार्य करें।
बैठक में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने, विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाने तथा विद्यालयों में खेलकूद, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा स्थानीय संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय व्यंजनों को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने, किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग कराने तथा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायता और उपकरण उपलब्ध कराने संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
डीएम ने संबंधित विभागों को कार्यक्रमों के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेश की विकास यात्रा और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ तैयारियां पूरी करें और कार्यक्रमों को सफल बनाने में जनसहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post