जिद्दी कलम
उत्तरकाशी। त्योहारी सीजन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने नौगांव-डामटा रोड पर स्योरी बैंड के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को 722 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब 1.44 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में 23 अक्टूबर 2026 की शाम नौगांव पुलिस चौकी की टीम स्योरी बैंड के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सार्थक कोठारी (18) पुत्र प्रसाद कोठारी, निवासी लेन नंबर-6, शास्त्री नगर, देहरादून को 722 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
29 मामलों में 38 तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 29 मामलों में 38 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने करीब 55.14 लाख रुपये मूल्य की 10.5 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में नौगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह और हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस ने त्योहारी सीजन में नशे की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तेज रखने की बात कही है।





