Home » उत्तराखंड » निवेश पर अधिक मुनाफे और जमा पूंजी दोगुनी करने का झांसा देकर 60 लाख से अधिक रुपये की धोखाधड़ी करने वाला वित्तीय संस्था का संचालक गिरफ्तार।

निवेश पर अधिक मुनाफे और जमा पूंजी दोगुनी करने का झांसा देकर 60 लाख से अधिक रुपये की धोखाधड़ी करने वाला वित्तीय संस्था का संचालक गिरफ्तार।

637 Views

जिद्दी कलम
उत्तरकाशी, 26 अक्टूबर।

निवेश पर अधिक ब्याज और जमा पूंजी दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में उत्तरकाशी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’ नाम से वित्तीय संस्था संचालित करने वाले आरोपी उत्सव अग्रहरी को हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर निवेशकों से करीब 60 से 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, सितंबर 2026 में कोतवाली उत्तरकाशी में मामले को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम (बड्स एक्ट) की धारा 3, 21(2) और 21(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वित्तीय संस्था में कार्यरत एक महिला कर्मचारी एवं मैनेजर की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई।

शिकायत के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी उत्सव अग्रहरी ने मार्च 2024 में उत्तरकाशी के ज्ञानसू में ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’ के नाम से वित्तीय संस्था शुरू की थी। आरोप है कि संस्था के माध्यम से लोगों को अधिक ब्याज देने और कम समय में जमा पूंजी दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराया गया। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफा देकर अन्य लोगों का विश्वास जीता गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों से करीब 60 से 70 लाख रुपये जमा कराए गए और कथित तौर पर धनराशि लेकर आरोपी फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।

इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार, 26 अक्टूबर को आरोपी उत्सव अग्रहरी को ज्वालापुर, हरिद्वार स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिलमोहन सिंह, हेड कांस्टेबल नितिन प्रताप और कांस्टेबल ललित प्रसाद शामिल रहे।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post