जिद्दी कलम
बड़कोट। शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर मंगलवार को उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी ने डामटा और बर्नीगाड स्थित शराब की दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान दोनों दुकानों पर व्हिस्की और बियर की बोतलों व केन पर अंकित मूल्य से पांच से दस रुपये तक अधिक वसूले जाने का मामला सामने आया।
शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राहक बनकर शराब खरीदी और निर्धारित मूल्य के अनुरूप बिक्री की जांच की। इस दौरान डामटा स्थित एफएल-5डी शराब की दुकान पर कुछ व्हिस्की और बियर की बोतलों पर अंकित मूल्य से 10 रुपये अधिक वसूले जाने की पुष्टि हुई। एसडीएम ने मौके पर ही निरीक्षण आख्या दुकान के रजिस्टर में दर्ज कर संबंधित व्यक्ति के हस्ताक्षर करवाए।
डामटा के बाद प्रशासनिक टीम ने बर्नीगाड स्थित एफएल-5डी शराब की दुकान का निरीक्षण किया। यहां भी कुछ व्हिस्की और बियर केन पर अंकित मूल्य से पांच से दस रुपये अधिक वसूले जाने की अनियमितता सामने आई। एसडीएम ने इस मामले को भी निरीक्षण पंजिका में दर्ज किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों को शराब की दुकानों पर लगातार औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली अथवा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर निगरानी जारी रहेगी और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






