उत्तरकाशी, 12 नवंबर। जनपद में शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान दिलाने और सर्दियों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य से दिसंबर 2026 में विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव का आयोजन प्रस्तावित है। इस आयोजन के माध्यम से उत्तरकाशी के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों और खूबसूरत ग्रामीण क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है।
कॉनक्लेव के आयोजन को लेकर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में शीतकालीन पर्यटन एवं साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर चर्चा की गई।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत ट्रेकिंग, विलेज टू विलेज कार्यक्रम, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेज़िंग, साइक्लोथॉन, हॉट एयर बैलून और पैरामोटर जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित करने का प्रस्ताव है। इसके जरिए पर्यटकों को उत्तरकाशी के प्राकृतिक सौंदर्य, ग्रामीण जीवन और अनछुए पर्यटन स्थलों से रूबरू कराया जाएगा।
कम चर्चित पर्यटन स्थलों पर रहेगा विशेष फोकस
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि जनपद में ऐसे कई पर्यटन स्थल और गांव हैं, जहां प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद पर्यटकों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम है। इन क्षेत्रों में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर पर्यटकों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने इन क्षेत्रों में होम स्टे और ट्रैकिंग ट्रैक्शन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर भी जोर दिया।
मीडिया से मांगे जाएंगे पर्यटन स्थलों के सुझाव
विलेज टू विलेज कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाशील गांवों का चयन किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण, विशिष्ट एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण गांवों और स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से एक गूगल शीट तैयार की गई है, जिसे सभी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाएगा। इसमें प्राप्त सुझावों के आधार पर संभावित पर्यटन स्थलों और गांवों को प्रस्तावित कॉनक्लेव में शामिल करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव का मुख्य उद्देश्य उत्तरकाशी के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाना, शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर विकसित करना है।






