Home » उत्तराखण्ड » बड़कोट के ग्राम पौटी के इदेली तोक में अवैध खनन की शिकायत पर राजस्व एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने शिवम स्टोन क्रेशर सीज, 760 टन अतिरिक्त उपखनिज मिलने पर 2.43 लाख का जुर्माना

बड़कोट के ग्राम पौटी के इदेली तोक में अवैध खनन की शिकायत पर राजस्व एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने शिवम स्टोन क्रेशर सीज, 760 टन अतिरिक्त उपखनिज मिलने पर 2.43 लाख का जुर्माना

215 Views

बड़कोट। तहसील बड़कोट के ग्राम पौटी के इदेली तोक में अवैध खनन की शिकायत पर राजस्व एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने शिवम स्टोन क्रेशर पर छापेमारी की। जांच के दौरान क्रेशर परिसर में ई-रवन्ना पोर्टल पर दर्ज मात्रा से अधिक उपखनिज पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्टोन क्रेशर को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया। साथ ही संचालक पर 2 लाख 43 हजार 213 रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले एक-दो दिनों से सूचना मिल रही थी कि इदेली तोक स्थित शिवम स्टोन क्रेशर से रात के समय यमुना नदी में अवैध खनन किया जा रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी और जिला खान अधिकारी उत्तरकाशी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को क्रेशर परिसर में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान प्लांट से नदी की ओर जाने वाले उस रास्ते को खुला पाया गया, जिसे पूर्व में बंद किया गया था। टीम को क्रेशर परिसर में नदी से लाए गए उपखनिज (आरबीएम) के ढेर भी मिले। मौके पर उपखनिज की पैमाइश कर ई-रवन्ना पोर्टल में दर्ज मात्रा से मिलान किया गया।
विभाग के अनुसार, ई-रवन्ना पोर्टल पर 8,984.26 टन उपखनिज दर्ज था, जबकि मौके पर आठ ढेरों में कुल 9,744.30 टन उपखनिज पाया गया। इस तरह पोर्टल पर दर्ज मात्रा की तुलना में 760.04 टन अतिरिक्त उपखनिज मिला।
अतिरिक्त उपखनिज पाए जाने पर अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण नियमावली-2021, यथासंशोधित 2024 के नियम 5(ग) एवं नियम 14(5)(क) के तहत कार्रवाई करते हुए 2,43,213 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही शिवम स्टोन क्रेशर को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया गया और उसका पोर्टल भी बंद कर दिया गया।
प्रशासन ने क्रेशर स्वामी को निर्देशित किया है कि अग्रिम आदेश तक क्रेशर में किसी भी प्रकार की गतिविधि न की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी ने कहा कि तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। किसी भी क्षेत्र से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अवैध खनन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरत रहा है।
वहीं, जिला खान अधिकारी उत्तरकाशी प्रदीप कुमार ने कहा कि जनपद में अवैध खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की सूचना या मामला संज्ञान में आने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। जिन क्षेत्रों में विभागीय टीम को पहुंचने में समय लगने की संभावना रहती है, वहां संबंधित उपजिलाधिकारी से समन्वय कर कार्रवाई कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि जनपद में किसी को भी अवैध खनन की छूट नहीं है और सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी खनन उद्यमियों को नियमों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जनपद में लगातार की जा रही कार्रवाई के चलते पिछले दो वर्षों से राजस्व में लगातार वृद्धि हुई है।
शिवम स्टोन क्रेशर की जांच, पैमाइश और सीज की कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी बड़कोट के साथ राजस्व उपनिरीक्षक पौटी, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, खनन विभाग एवं नायब तहसीलदार बड़कोट सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post