जिद्दी कलम
उत्तरकाशी
गंगोत्री से गौमुख की ओर जा रहे महाराष्ट्र के पर्यटकों के दल में शामिल एक 65 वर्षीय पर्यटक कच्चीढांग के पास पैर फिसलने के बाद गहरी खाई में गिरकर लापता हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय पोर्टरों की टीमें तलाश एवं रेस्क्यू अभियान में जुट गईं। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण अभियान में बाधा आ रही है।
जानकारी के अनुसार, तहसील भटवाड़ी क्षेत्र में 25 सितंबर 2026 को महाराष्ट्र से आए पांच पर्यटक गंगोत्री से गौमुख की ओर ट्रेकिंग कर रहे थे। चीडबासा से आगे कच्चीढांग नामक स्थान पर दोपहर करीब 2:30 बजे दल में शामिल राम कुमार हनुमान गुप्ता (65) का पैर फिसल गया। बताया गया है कि वह रास्ते से करीब 130 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग, पुलिस टीम और स्थानीय पोर्टरों को तत्काल रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया। शुक्रवार को भी लापता पर्यटक की तलाश जारी रही।
गंगोत्री धाम से एसडीआरएफ के छह जवान, चार नेपाली पोर्टर, जबकि भोजवासा से वन विभाग के चार जवान, दो पुलिस जवान और दो पोर्टर समेत कुल 18 सदस्यीय टीम तलाश के लिए रवाना हुई।
टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कच्चीढांग, चीडबासा और देवगढ़ खाले में राम मंदिर के नीचे नदी किनारे तक सघन खोजबीन की। हालांकि लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते सर्च एवं रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, मौसम सामान्य होने पर टीम दोबारा व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाएगी। फिलहाल लापता पर्यटक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
लापता पर्यटक के साथ यात्रा कर रहे अन्य पर्यटकों में दीपक छोटेलाल, शिवसेवक मोतीलाल, विशाल राम कुमार और निखिल सुरेश डसके शामिल हैं। लापता पर्यटक के परिजन भी मौके पर मौजूद बताए गए हैं।






