जिद्दी कलम
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी। जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुरोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से वांछित बताई जा रही महिला मैराज को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मई 2026 में डामटा बैरियर पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान देहरादून के सहसपुर निवासी महिला मैराज की कथित संलिप्तता सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत साक्ष्य जुटाते हुए उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी की।
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को खुशहालपुर चौक, सहसपुर, देहरादून से मैराज को गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कई मामलों में नाम सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तार हो चुकी है। उसके विरुद्ध देहरादून और उत्तरकाशी जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। देहरादून पुलिस द्वारा उसके खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अब इस मामले में नशे की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचने और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।





