जिद्दी कलम
उत्तरकाशी
आगामी नवम्बर 2026 में प्रस्तावित श्रीराम कथा के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर रविवार, 13 सितंबर 2026 को पिपली धनारी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बुद्धि प्रकाश जगुड़ी ने की। बैठक में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं रामभक्तों ने भाग लेकर कथा आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक का संचालन करते हुए के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास में प्रस्तावित रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सेवा और सद्भाव का संदेश देने का महत्वपूर्ण माध्यम होगी। उन्होंने क्षेत्र के सभी प्रबुद्ध जनमानस से कथा को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में महिलाओं एवं मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए महिला संयोजक समिति का गठन किया गया। समिति में ग्राम थाती की महिलाओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए पूर्व प्रधान एवं मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया। बैठक में महिलाओं की सहभागिता को आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
व्यवस्था के लिए बनाई गईं कई समितियां
श्रीराम कथा के सुचारू संचालन के लिए बैठक में विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इनमें मुख्य स्वागत समिति, भोजन व्यवस्था समिति, आवास व्यवस्था समिति, पंडाल व्यवस्था समिति तथा स्वच्छता समिति सहित अन्य समितियां शामिल हैं। इन समितियों को आयोजन से संबंधित अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि कथा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यकारिणी समिति का भी विस्तार
रामकथा के सफल आयोजन के लिए कार्यकारिणी समिति का विस्तार भी किया गया। इसमें बच्चन सिंह रावत, नरेन्द्र लाल शाह, विक्रम सिंह पंवार, सुन्दर सिंह कुंडरा, प्रेम सिंह चौहान,मंगल सिंह चौहान, धर्मेन्द्र सिंह बिष्ट, जयन्ती राणा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, नारायणी पंवार, भगवान सिंह पंवार, दिनेश सिंह असवाल सहित अन्य सदस्यों को जिम्मेदारियां दी गईं।
बैठक में भाजपा युवा नेता पवन नौटियाल, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सत्यपाल सिंह राणा, सुन्दर सिंह खंडूड़ी सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार एवं सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि श्रीराम कथा जैसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिलती है।
बैठक के दौरान आयोजन की आगामी तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। सभी रामभक्तों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया कि श्रीराम कथा आयोजन की तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए अगली बैठक 4 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।
अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश जगुड़ी ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया और सभी से श्रीराम कथा को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक के समापन के साथ ही आयोजन की तैयारियों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।





