Home » उत्तराखंड » पवाणी अग्निकांड से दहला गांव, कई मकान राख; सीएम धामी ने दिए राहत के निर्देश मंत्री मदन कौशिक और सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने जताया दुःख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

पवाणी अग्निकांड से दहला गांव, कई मकान राख; सीएम धामी ने दिए राहत के निर्देश मंत्री मदन कौशिक और सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने जताया दुःख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

105 Views

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से कई आवासीय भवन जलकर राख हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अग्निकांड की सूचना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने गहरा दुःख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को बेहद दुःखद बताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा। सीएम ने पीड़ितों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा एवं जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने और नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता राशि देने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने अग्निकांड पर दुःख व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों में सहयोग करने को कहा। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से फोन पर घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और नुकसान का शीघ्र आकलन कर पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए।
राहत व्यवस्थाओं में जुटा प्रशासन
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य लगातार घटना की जानकारी ले रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित विभागों एवं ब्लॉक अधिकारियों को राहत कार्यों में सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई संचालित करने, चिकित्सा टीमों के साथ पर्याप्त महिला चिकित्सकों की तैनाती और पशुधन की देखभाल के लिए पशु चिकित्सकों को मौके पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित परिवारों के लिए आवास, पेयजल, कंबल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post