उत्तरकाशी।
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा हेलमेट सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर सफर करने वाले सह-सवारों (पिलियन राइडर्स) को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के दिशा-निर्देशन एवं यातायात निदेशालय के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार, 20 नवंबर को कोतवाली उत्तरकाशी, कोतवाली मनेरी और यातायात पुलिस की टीमों ने जनपद मुख्यालय सहित मनेरी क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों और उनके पीछे बैठकर यात्रा करने वाले लोगों को हेलमेट की अनिवार्यता समझाई गई तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस टीम ने बताया कि अक्सर देखने में आता है कि दोपहिया वाहन चालक तो हेलमेट पहनते हैं, लेकिन पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के सफर करता है। दुर्घटना होने की स्थिति में यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में चालक के साथ पिलियन राइडर की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।
उत्तरकाशी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति, दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और उसकी स्ट्रिप भी लॉक रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए।
पुलिस के अनुसार, भविष्य में हेलमेट नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।





