Home » उत्तराखंड » उत्तरकाशी मुख्यालय से महज 3-4 किलोमीटर दूर सड़क को तरस रहे ग्रामीण, डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंच रहे मरीज; 108 एंबुलेंस सेवा भी सवालों के घेरे में

उत्तरकाशी मुख्यालय से महज 3-4 किलोमीटर दूर सड़क को तरस रहे ग्रामीण, डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंच रहे मरीज; 108 एंबुलेंस सेवा भी सवालों के घेरे में

155 Views

जिद्दी कलम
उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय से महज 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोखरी गांव में सड़क सुविधा का अभाव आज भी ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। विकास के दावों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को आईना दिखाती एक शर्मनाक तस्वीर मंगलवार सुबह सामने आई, जब हार्ट अटैक से पीड़ित 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ा। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क तक मरीज को पहुंचाने के बाद भी पहाड़ की लाइफ लाइन कही जाने वाली 108 एंबुलेंस सेवा समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार ग्राम पोखरी निवासी श्रीमती नत्थी देवी (67 वर्ष), पत्नी जमन सिंह राणा की तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई। गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए बुजुर्ग महिला को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस समय मरीज को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत थी, उस समय 108 एंबुलेंस सेवा भी ग्रामीणों के काम नहीं आ सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि 108 एंबुलेंस के लिए बार-बार संपर्क करने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। आखिरकार परिजनों और ग्रामीणों को मजबूर होकर निजी वाहन से बुजुर्ग महिला को जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
वहीं, इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि परिजनों की ओर से किया गया फोन कॉल कनेक्ट नहीं हो पाया था। जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन द्वारा भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक मरीज जिला अस्पताल पहुंच चुकी थीं।
मुख्यालय के इतने करीब बदहाली, दूरस्थ गांवों की सुध कौन लेगा?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिला मुख्यालय से महज 3-4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोखरी और बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीण आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं, तो दूरस्थ पहाड़ी गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति क्या होगी? सरकार और प्रशासन भले ही गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के दावे करते हों, लेकिन पोखरी गांव की यह तस्वीर उन दावों की जमीनी हकीकत उजागर करने के लिए काफी है।
आजादी के दशकों बाद भी यदि किसी बीमार बुजुर्ग, गर्भवती महिला या गंभीर रूप से बीमार बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के लिए डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़े, तो यह केवल सड़क सुविधा का अभाव नहीं, बल्कि व्यवस्था की संवेदनहीनता और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल है।

पोखरी गांव की यह घटना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए एक बड़ा सवाल है। जरूरत अब आश्वासनों की नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की है। ग्रामीणों को सड़क सुविधा से जोड़ने, 108 एंबुलेंस सेवा की जवाबदेही तय करने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने की तत्काल आवश्यकता है

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post

वैदिक मंत्रोच्चार और मां गंगा के जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट उत्सव डोली मुखबा गांव के लिए रवाना, भैया दूज पर शीतकालीन प्रवास स्थल पहुंचेगी मां गंगा; छह माह तक मुखबा में होंगे दर्शन