Home » उत्तराखंड » उत्तरकाशी: आत्मदाह की धमकी के वायरल वीडियो से विद्युत विभाग में मचा हड़कंप, अधिशासी अभियंता की सूझबूझ से सुलझा मामला,

उत्तरकाशी: आत्मदाह की धमकी के वायरल वीडियो से विद्युत विभाग में मचा हड़कंप, अधिशासी अभियंता की सूझबूझ से सुलझा मामला,

750 Views

उत्तरकाशी।

जनपद उत्तरकाशी के विकासखंड चिन्यालीसौड़ स्थित विद्युत सबडिवीजन में उस समय हड़कंप मच गया, जब विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने शुक्रवार सुबह फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर अपने ही विभाग के एक अधिकारी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया और आत्मदाह की धमकी दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद विद्युत विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्मचारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो अपलोड कर आत्मदाह करने के लिए दोपहर 12 बजे का समय निर्धारित किया था। निर्धारित समय के आसपास कर्मचारी विद्युत विभाग के लदाड़ी स्थित कार्यालय पहुंचा और कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे रोक लिया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पेट्रोल से भीगी जैकेट को उतरवाकर अलग किया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
अधिशासी अभियंता की पहल से शांत हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अभियंता मनोज गुसाईं ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों पक्षों को कार्यालय में आमने-सामने बैठाया। इस दौरान शिकायतकर्ता कर्मचारी और संबंधित अधिकारी की बातें सुनी गईं तथा उनके बीच उत्पन्न विवाद को समझने का प्रयास किया गया।
बताया गया कि बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेदों को दूर कर स्थिति सामान्य करने पर सहमति जताई। इस पहल के बाद मामला शांत हो गया और विभागीय स्तर पर विवाद को सुलझाने की दिशा में कदम उठाया गया।
कर्मचारी ने वीडियो अपलोड करने पर जताया खेद
मामले के शांत होने के बाद संबंधित विद्युतकर्मी ने सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो को लेकर खेद व्यक्त किया। कर्मचारी ने माना कि उत्तेजना और भूलवश उसके द्वारा यह वीडियो अपलोड किया गया था। इसके लिए उसने अफसोस भी जताया।
फिलहाल, अधिशासी अभियंता की पहल और कर्मचारियों के समय रहते किए गए हस्तक्षेप से एक संभावित अप्रिय स्थिति टल गई। इस घटनाक्रम ने कार्यस्थल पर आपसी संवाद और विवादों को समय रहते सुलझाने की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post

उत्तराखंड में भाजपा ने विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की, गंगोत्री से जगमोहन चंद और यमुनोत्री से जगत सिंह चौहान व पुरोला विधानसभा से डॉ. मनवीर सिंह विघाणा को जिम्मेदारी, विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपीं