उत्तरकाशी, 9 अक्टूबर।
उत्तरकाशी मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के पंजीकरण और निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आठ अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत बूथ स्तर पर वर्तमान मतदाता सूची का पुरानी निर्वाचक नामावली से मिलान कर छूटे मतदाताओं को चिह्नित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में आयोजित शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नागरिकों को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
अभियान के अगले चरण में 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इस दौरान पात्रता की जांच के बाद सूची में नाम दर्ज होने से छूटे नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण की कार्रवाई की जाएगी।





