उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के बदाण गांव निवासी 34 वर्षीय रोशन लाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक की बेरहमी से मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, रोशन लाल का गांव की ही एक महिला से कथित प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। महिला दो बच्चों की मां है, जबकि रोशन लाल अविवाहित था। इसी प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद होने और युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है।
बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय के नजदीक कुटेटी क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट की गई। देर रात गंभीर घायल अवस्था में रोशन लाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों पर युवक के साथ मारपीट कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली उत्तरकाशी में मुकदमा दर्ज किया गया है। चूंकि मामला धरासू थाना क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए प्रकरण को संबंधित थाने को हस्तांतरित कर दिया गया है।
रविवार को अस्पताल में मृतक के परिजन बदहवास नजर आए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने प्रतापनगर के खोलगढ़ गांव में हुए केतन लाल हत्याकांड की याद भी ताजा कर दी है। हालांकि, रोशन लाल की मौत के मामले में हत्या के आरोपों की वास्तविकता और घटना के पीछे की परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएंगी।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है





