Home » उत्तराखंड » पीपली धनारी में 10 नवंबर से गूंजेगी श्रीराम कथा की अमृतवाणी धार्मिक आयोजन को लेकर बैठक संपन्न, क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील

पीपली धनारी में 10 नवंबर से गूंजेगी श्रीराम कथा की अमृतवाणी धार्मिक आयोजन को लेकर बैठक संपन्न, क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील

376 Views

डुंडा। विकासखंड डुंडा के पीपली धनारी क्षेत्र में आगामी 10 नवंबर से श्रीराम कथा के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीराम कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के अनेक रामभक्तों और गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।

पीपली स्थित पुराने विद्यालय परिसर में आयोजित होने वाली इस श्रीराम कथा में अंतरराष्ट्रीय संत एवं प्रसिद्ध कथावाचक गोपाल मणि महाराज व्यास पीठ पर विराजमान होकर अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का अमृतपान कराएंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश जगूड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण निर्मित होता है। भगवान श्रीराम सनातन संस्कृति के आदर्श हैं और धनारी क्षेत्र की पावन धरती पर श्रीराम कथा का आयोजन होना सभी क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस श्रीराम कथा रूपी धार्मिक महायज्ञ में तन-मन-धन से सहभागिता करने का आह्वान किया, ताकि आयोजन निर्विघ्न एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने भी आयोजन को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। पटूड़ी के मंगल सिंह चौहान ने कहा कि हाल ही में पटूडी ग्रामसभा में सार्वजनिक रूप से भागवत कथा का आयोजन संपन्न कराया गया, जिससे धार्मिक आयोजनों के संबंध में कई महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे पुण्य कार्यों को दृढ़ निश्चय और पूर्ण विश्वास के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। हम सभी केवल माध्यम हैं, जबकि वास्तविक आयोजनकर्ता और संचालक स्वयं परमात्मा हैं।

वहीं पवन नौटियाल ने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे धनारी क्षेत्र को आध्यात्मिक रूप से एक सूत्र में पिरोने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए धनारी पट्टी की सभी ग्रामसभाओं में व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा से जुड़ने और अन्य लोगों को भी इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनाने का आह्वान किया।

स्व. हरि सिंह राणा को दी श्रद्धांजलि

बैठक के समापन अवसर पर धनारी पट्टी के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय हरि सिंह राणा के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राणा जी की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक में उपस्थित रामभक्तों ने संकल्प लिया कि 10 नवंबर से प्रारंभ होने वाली श्रीराम कथा को जन-जन तक पहुंचाकर इसे एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन का स्वरूप दिया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
बैठक में बिक्रम सिंह पयाल,नत्थी सिंह रावत, साहब सिंह सेमवाल,प्रताप सिंह पंवार, संपूर्णनन्द सेमवाल ,कबूलचंद मटूडा, इंद्रपाल सिंह, विक्रम सिंह राणा ,पवन नौटियाल ,जयवीर सिंह ,सुंदर सिंह राणा ,प्रेम सिंह बिष्ट, भगत सिंह चौहान, सुशीला देवी,श्याम सिंह ,शरथ पवार सतपाल सिंह राणा ,चैन सिंह असवाल आदि लोगों ने भाग लिया

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post