Home » उत्तराखंड » पूर्व CAPF कार्मिकों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, समान सुविधाओं और घोषणाओं को लागू करने की मांग

पूर्व CAPF कार्मिकों ने मुख्य सचिव से की मुलाकात, समान सुविधाओं और घोषणाओं को लागू करने की मांग

54 Views

उत्तरकाशी। पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) कार्मिक संगठन, उत्तरकाशी के प्रतिनिधिमंडल ने 25 सितम्बर को उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनन्द बर्धन (IAS) से मुलाकात कर पूर्व CAPF कार्मिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। संगठन ने उत्तराखंड राज्य में CAPF के पूर्व कार्मिकों को उनके द्वारा किए गए कार्य एवं सेवाओं के अनुरूप सेना के समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सुन्दर सिंह कुंडरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के समक्ष पूर्व CAPF कार्मिकों की समस्याओं और लंबित मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों और अधिकारियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, सीमाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद उनके कल्याण और सुविधाओं के संबंध में राज्य स्तर पर भी ठोस पहल किए जाने की आवश्यकता है।
संगठन की ओर से मुख्य सचिव से मांग की गई कि उत्तराखंड में समान कार्य के लिए पूर्व CAPF कार्मिकों को सेना के समान सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार आवश्यक कदम उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में पूर्व CAPF कार्मिक निवास कर रहे हैं और उनके कल्याण से जुड़े मामलों के समाधान के लिए स्पष्ट नीति एवं प्रभावी शासनादेश जारी किया जाना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने 03 दिसंबर 2025 को काठगोदाम में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व CAPF कार्मिकों के कल्याण के संबंध में की गई घोषणाओं का भी मुद्दा मुख्य सचिव के समक्ष रखा। संगठन ने सरकार से अनुरोध किया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं को शीघ्र धरातल पर लागू करने के लिए आवश्यक अधिसूचना एवं शासनादेश जारी किए जाएं, ताकि पूर्व CAPF कार्मिकों को घोषित सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
संगठन ने कहा कि घोषणाओं के बाद पूर्व CAPF कार्मिकों में उम्मीद जगी है और अब उनके क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने का भी आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्धन ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि पूर्व CAPF कार्मिकों से जुड़े मुद्दों पर सैनिक कल्याण निदेशालय, उत्तराखंड के स्तर पर प्रक्रिया गतिमान है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही शासनादेश जारी होने की उम्मीद है।
मुख्य सचिव से मिले आश्वासन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने सरकार का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि पूर्व CAPF कार्मिकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों का शीघ्र समाधान होगा।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
मुख्य सचिव से हुई इस मुलाकात के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सुन्दर सिंह कुंडरा, उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह बिष्ट, डुंडा ब्लॉक अध्यक्ष नत्थी सिंह नेगी, सचिव शान्ति प्रसाद जगूड़ी, भटवाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मानंद नौटियाल, कोषाध्यक्ष विजय सिंह राणा सहित संगठन के अन्य पूर्व CAPF कार्मिक मौजूद रहे।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post