उत्तरकाशी। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा कदम उठाया है। जनपद के हीना एवं दोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर श्री गंगोत्री धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र/स्मार्ट कंट्रोल रूम, उत्तरकाशी को अलर्ट मोड पर रखा है। जिले की सभी तहसीलों से वर्षा एवं भूस्खलन से संबंधित सूचनाएं लगातार प्राप्त की जा रही हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति की सतत निगरानी की जा रही है।
इसके साथ ही लाइव CCTV कैमरों के माध्यम से श्री गंगोत्री धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मौसम एवं यात्रा मार्गों की स्थिति पर तत्काल नजर रखी जा सके।
सड़क मार्गों पर भी प्रशासन की पैनी नजर
संभावित मार्ग अवरोध की स्थिति से निपटने के लिए NH, BRO, PWD एवं PMGSY के अधिकारियों को अपनी-अपनी मशीनरी और मैनपावर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क मार्ग को सुचारु कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी तहसीलें अलर्ट मोड पर
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जनपद की सभी तहसीलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिस्थितियों के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे।





