Home » स्वास्थ्य » डॉ. श्याम विजय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उत्तरकाशी का पदभार ग्रहण किया

डॉ. श्याम विजय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उत्तरकाशी का पदभार ग्रहण किया

102 Views

जिद्दी कलम
उत्तरकाशी

जनपद उत्तरकाशी के नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने आज दिनांक 22 जुलाई, 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उत्तरकाशी का विधिवत पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. श्याम विजय ने कहा कि जनपदवासियों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनपद के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक नागरिक को मानकानुसार समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार एवं भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
डॉ. विजय ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर टीम भावना से कार्य किया जाएगा तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली एवं जियो टैगिंग व्यवस्था का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, जनस्वास्थ्य से जुड़े प्रत्येक विषय पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को जनोन्मुखी एवं उत्तरदायी बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय एवं दुर्गम जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
डॉ. श्याम विजय ने कहा कि आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए ससमय चिकित्सालयों एवं कार्यालयों में उपस्थित होकर पूर्ण समर्पण, पारदर्शिता एवं सेवा भाव के साथ कार्य करेंगे, जिससे जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
डॉ. श्याम विजय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जनपद के निवासी हैं। स्वास्थ्य विभाग में अपने समृद्ध प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अनुभव के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुलानाखाल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके उपरांत उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, टिहरी गढ़वाल के पद पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

ziddikalam
Author: ziddikalam

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post